पाटन में गूंजेगा जन्मोत्सव का जश्न, भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कुम्हारी से बड़ी संख्या में जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
कुम्हारी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और समर्थक होंगे शामिल
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल के 65वें जन्मदिन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 23 अगस्त को पाटन विधानसभा क्षेत्र के अखरा गांव में पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुम्हारी नगर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों के पहुंचने की तैयारी है।
जन्मोत्सव को लेकर कुम्हारी सहित आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। नगर में जगह-जगह पूर्व मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को निमंत्रण पत्र देकर अखरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनहरण यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जन्मदिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि बघेल ने मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों और गांवों के विकास को प्राथमिकता देते हुए कई योजनाओं को आगे बढ़ाया।
मनहरण यादव ने कहा कि भूपेश बघेल का व्यक्तित्व सहज, सरल और उदार है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा। उनके कार्यकाल में ‘नरवा, गरुवा, घुरवा और बारी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि जन्मोत्सव के अवसर पर पाटन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग अखरा पहुंचेंगे। कुम्हारी से भी कार्यकर्ताओं का समूह कार्यक्रम में शामिल होकर पूर्व मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देगा।
अखरा में दिखेगा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान
23 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ तैयारियां की जा रही हैं।
कुम्हारी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के साथ अखरा में होने वाला यह आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन समारोह के रूप में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है।



