ब्रेकडाउन वाहन के नाम पर सड़क रोकने वालों पर सख्ती, 15 दिनों में 1960 वाहनों पर कार्रवाई
दुर्ग। राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस रोड एवं शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा ब्रेकडाउन वाहनों की निगरानी और सहायता के साथ-साथ अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रख रही है।
वास्तविक खराबी पर तत्काल सहायता, बहानेबाजी पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, ब्रेकडाउन वाहन की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचती है। पुलिसकर्मी वाहन चालक की समस्या सुनने के साथ वाहन की स्थिति का आकलन और सत्यापन करते हैं। यदि वाहन में वास्तविक तकनीकी खराबी या कोई आकस्मिक समस्या पाई जाती है, तो उसे सड़क से सुरक्षित हटाने के लिए आवश्यक सहायता एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं।
वहीं, जांच के दौरान यदि डीजल समाप्त होना, चालक का अनुपलब्ध होना, बिल्टी अथवा दस्तावेज के लिए इंतजार करना जैसे कारण सामने आते हैं और ब्रेकडाउन का बहाना बनाकर वाहन सड़क पर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध किया जाता है, तो इसे लापरवाही मानते हुए संबंधित वाहन चालक या मालिक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाती है।
15 दिनों में 216 ब्रेकडाउन वाहनों को मिली सहायता
यातायात पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों में कुल 216 ब्रेकडाउन वाहनों को सड़क से सुरक्षित हटाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा सड़क पर बिना उचित कारण वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 1960 वाहनों/चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था में किसी वास्तविक आपात स्थिति या तकनीकी खराबी के कारण वाहन सड़क पर रुकने की स्थिति को संवेदनशीलता के साथ देखा जा रहा है। ऐसे वाहन चालकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन जानबूझकर या लापरवाहीपूर्वक सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वास्तविक ब्रेकडाउन होने पर तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें और वाहन को यथासंभव सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें। वाहन चालक अनावश्यक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस रोड अथवा प्रमुख सड़कों पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक समस्या में मदद और जानबूझकर यातायात बाधित करने पर कार्रवाई—दोनों व्यवस्थाएं समानांतर रूप से जारी रहेंगी, ताकि शहर एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात का संचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।



