फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक से न्यूज पेज बंद कराने की धमकी, ₹10 हजार की वसूली का प्रयास, सुपेला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी को पकड़ा, iPhone 16 जब्त; अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी
भिलाई। भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पेज बंद कराने की धमकी देने और स्ट्राइक हटाने के नाम पर ₹10 हजार की अवैध राशि मांगने के मामले में सुपेला पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त iPhone 16 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, भिलाई टाइम्स न्यूज नाम से न्यूज चैनल संचालित करने वाले प्रार्थी यशवंत साहू ने थाना सुपेला में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके इंस्टाग्राम पेज पर करीब 32 हजार फॉलोवर्स हैं। 25 जुलाई 2026 की रात से 26 जुलाई की रात के बीच उनके पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजी गईं। इससे पेज के डिलीट होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति से ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया तो कॉपीराइट स्ट्राइक हटाने के नाम पर ₹10 हजार की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1061/2026 दर्ज कर धारा 308(2), 351(4) बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत विवेचना शुरू की।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से संबंधित व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक अकाउंट तथा आईपी संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित कंपनियों से विधिवत पत्राचार किया। प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल नंबर और उसके उपयोगकर्ता की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने 17 अगस्त 2026 को आरोपी के निवास पर पहुंचकर धारा 35 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया। नोटिस के पालन में आरोपी 19 अगस्त 2026 को थाना सुपेला उपस्थित हुआ। पूछताछ, मेमोरेण्डम कथन और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त iPhone 16 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर पुलिस की विवेचना अभी जारी है।
सोशल मीडिया पेज को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर संचालित न्यूज पेज को निशाना बनाया। पहले फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पेज के बंद होने की आशंका पैदा की गई और इसके बाद स्ट्राइक हटाने के नाम पर संचालक से पैसे की मांग की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की।
आरोपी की पहचान
अनीश कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम उसरी चकिया, थाना महेन्द्रीया, जिला अरवल, बिहार; वर्तमान पता आईओएस तथावडे, थाना वाकड, जिला पुणे, महाराष्ट्र।
जब्त सामग्री
- iPhone 16 मोबाइल फोन — 01 नग
पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक पारस सिंह, प्रधान आरक्षक अमर सिंह एवं आरक्षक रवि साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया अकाउंट, ई-मेल या किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कॉपीराइट स्ट्राइक, अकाउंट बंद होने अथवा अन्य तकनीकी समस्या का डर दिखाकर यदि कोई अज्ञात व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो राशि का भुगतान न करें। संबंधित प्लेटफॉर्म की आधिकारिक प्रक्रिया के माध्यम से ही समस्या का समाधान करें।
ऐसे किसी भी मामले में तत्काल पुलिस को सूचना दें और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए जांच में सहयोग करें।



