सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर निगम की त्वरित कार्रवाई, सड़क पर बैठे मवेशियों को पकड़ा

 सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर निगम की त्वरित कार्रवाई, सड़क पर बैठे मवेशियों को पकड़ा

दीक्षित कॉलोनी में रोका-छेका अभियान के तहत कार्रवाई, मवेशियों को सुरक्षित गौठान पहुंचाया

भिलाईनगर। शहर की सड़कों पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों के खिलाफ नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा लगातार रोका-छेका अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों की शिकायतों के आधार पर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाने की कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोसा नाला स्थित दीक्षित कॉलोनी में सड़क पर बैठे मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।दीक्षित कॉलोनी निवासी भौतिक कौशिक ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि कॉलोनी की सड़कों पर मवेशियों के बैठने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों एवं वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

शिकायत प्राप्त होने के बाद नगर निगम भिलाई के रोका-छेका विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से बैठे मवेशियों को पकड़कर सड़क से हटाया गया। इसके बाद पकड़े गए मवेशियों को सुरक्षित रूप से कोसा नाला स्थित गौठान में पहुंचाया गया।

पशुपालकों से निगम की अपील

नगर निगम द्वारा सड़क पर खुले में मवेशियों को छोड़ने वाले पशुपालकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। सड़कों पर मवेशियों के बैठने या घूमने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर निगम भिलाई ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मवेशी सड़क पर बैठकर यातायात बाधित कर रहे हैं, तो इसकी जानकारी निगम को उपलब्ध कराएं। शिकायत मिलने पर संबंधित टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य शहर की सड़कों पर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।