स्वतंत्रता दिवस पर उरला और देवबलौदा में शान से लहराया तिरंगा, जनप्रतिनिधियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
भिलाई-3। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त 2026 को क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पार्षद भारती राम सूर्यवंशी एवं राम सूर्यवंशी (जिला महामंत्री, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस, प्रदेश सचिव केकेसी एवं प्रभारी, जामगांव आर-पाटन विधानसभा) ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ध्वजारोहण किया।
राम सूर्यवंशी एवं पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने ग्राम उरला वार्ड क्रमांक 31 तथा देवबलौदा के प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में केकेसी जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, केकेसी प्रेम मिश्रा, ऋषभ तिवारी, विकास कुर्रे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बच्चों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

