भिलाई-3 में गूंजा ‘अखंड भारत’ का संकल्प, बजरंग दल ने निकाली भव्य मशाल रैली

 भिलाई-3 में गूंजा ‘अखंड भारत’ का संकल्प, बजरंग दल ने निकाली भव्य मशाल रैली

भिलाई-3। अखंड भारत के संकल्प और राष्ट्रभक्ति की भावना को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल के बैनर तले शुक्रवार, 14 अगस्त को भिलाई-3 में भव्य मशाल रैली निकाली गई। पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। हाथों में मशाल और तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयघोष के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता का संकल्प दोहराया।

रैली की शुरुआत भिलाई-3 स्थित राम मंदिर से हुई। यहां से मशाल रैली मुख्य मार्ग से होते हुए मेन मार्केट पहुंची। रैली में शामिल लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। रैली का जगह-जगह लोगों ने स्वागत भी किया। इसके बाद रैली नूतन चौक स्थित भारत माता मंदिर पहुंची, जहां भारत माता के पूजन और राष्ट्र की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

इस अवसर पर रैली का नेतृत्व कर रहे पुष्पराज सिंह ने कहा कि 14 अगस्त का दिन हमें देश के विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़े इतिहास की याद दिलाता है। अखंड भारत का संकल्प किसी वर्ग या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और अखंडता की भावना को मजबूत करने का संकल्प है।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, देशभक्ति और अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना जागृत करना है। भारत केवल एक भौगोलिक सीमा का नाम नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की साझा संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रतीक है। आज की युवा पीढ़ी को अपने देश के इतिहास को समझते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेना चाहिए।”

पुष्पराज सिंह ने आगे कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

रैली में शामिल कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। हाथों में जलती मशालें और तिरंगे लेकर चल रहे युवाओं ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया। रैली के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आयोजकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

भारत माता मंदिर पहुंचने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। आयोजन ने भिलाई-3 में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का वातावरण निर्मित किया।