भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर स्क्रैप चोरी की कोशिश नाकाम, 2 आरोपी गिरफ्तार; 160 किलो कॉपर वायर बरामद
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12 स्थित कोक ओवन क्षेत्र में चोरी की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त स्मार्ट मोबाइल फोन सहित कुल 47 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सीआईएसएफ ने चोरी के सामान के साथ एक आरोपी को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12 के पास कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से लगभग 160 किलो कॉपर वायर चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ टीम ने चोरी के सामान के साथ आरोपी लोकराम ध्रुव (36) को पकड़ लिया।
सीआईएसएफ की रिपोर्ट के आधार पर 13 अगस्त को थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
दीवार फांदकर प्लांट में घुसते थे आरोपी
पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर दीवार फांदकर प्लांट परिसर में प्रवेश करते थे और वहां से स्क्रैप सामग्री चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास करते थे।
मामले में शामिल अन्य आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी की। इसी दौरान पुलिस को आरोपी घनश्याम मण्डावी (31) के ग्राम जोरातराई में मौजूद होने की जानकारी मिली।
जोरातराई में दबिश देकर दूसरे आरोपी को पकड़ा
भिलाई भट्ठी पुलिस की टीम ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी घनश्याम मण्डावी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया।
बरामद सामग्री
- 160 किलो कॉपर वायर — अनुमानित कीमत ₹40,000
- 01 स्मार्ट मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत ₹7,000
- कुल जप्त सामग्री की कीमत — ₹47,000
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. लोकराम ध्रुव (36 वर्ष)
निवासी बजरंग चौक, जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
2. घनश्याम मण्डावी (31 वर्ष)
निवासी बाजार चौक, देवांगन पारा, जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी के थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, सउनि पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक बालेन्द्र द्विवेदी, अमित सिंह एवं जय नारायण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और उनके आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल संबंधित सुरक्षा इकाई अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि औद्योगिक परिसरों में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
स्थान: भिलाई स्टील प्लांट, जंक्शन-12 के पास कोक ओवन क्षेत्र, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग।

