सेंट्रल एवेन्यू में स्टंटबाजी और तेज रफ्तार पर यातायात पुलिस की सख्ती, 2 बाइक जप्त; ₹12 हजार का चालान

 सेंट्रल एवेन्यू में स्टंटबाजी और तेज रफ्तार पर यातायात पुलिस की सख्ती, 2 बाइक जप्त; ₹12 हजार का चालान

भिलाई। सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर स्टंटबाजी करने वाले दो युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस दुर्ग ने सख्त कार्रवाई की है। आम नागरिक की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जप्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। दोनों चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। कार्रवाई के दौरान कुल ₹12 हजार का चालान किया गया।

आम नागरिक की शिकायत पर हुई कार्रवाई

पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लापरवाहीपूर्वक, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में यातायात पुलिस को आम नागरिक से शिकायत प्राप्त हुई कि सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर दो युवक मोटरसाइकिल से स्टंट करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं। उनकी इस गतिविधि से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविक सेंटर यातायात जोन प्रभारी द्वारा CCTV तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों की पहचान कर उन्हें जप्त किया गया। इसके बाद दोनों चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹12,000 का चालान किया गया।

बिना लाइसेंस वाहन चलाते मिले युवक

जांच के दौरान दोनों चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने दोनों के पालकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी। पालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि वे बिना लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन न दें और सड़क पर तेज रफ्तार, स्टंटबाजी अथवा किसी भी प्रकार की खतरनाक गतिविधि से दूर रखें।

बिना लाइसेंस वाहन चलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क स्टंट करने का मैदान नहीं है। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

पालक अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी स्थिति में वाहन न दें। यातायात नियमों का उल्लंघन कर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आम नागरिक सड़क पर स्टंटबाजी या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की सूचना यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479192029 पर दे सकते हैं।

मुख्य संदेश: सड़क स्टंट का मैदान नहीं है—सुरक्षित चलें, यातायात नियमों का पालन करें।