355 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा चरोदा
भिलाई-चरोदा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के आह्वान एवं जिला संगठन के निर्देश पर चरोदा मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मंडल प्रभारी, तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर के नेतृत्व तथा तिरंगा यात्रा के संयोजक राजेश यादव एवं निशा यादव के संयोजन में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में 355 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज को लेकर कार्यकर्ता वार्ड क्रमांक 22 से रवाना हुए। यात्रा वार्ड क्रमांक 21, 20, 24 एवं 25 से होते हुए पुनः वार्ड क्रमांक 22 पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न वार्डों में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ की आरती के साथ हुई। इसके बाद विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के समापन अवसर पर भारत माता की आरती की गई तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के लिए खिचड़ी प्रसाद की व्यवस्था की गई।
राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का उद्देश्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा के संयोजक राजेश यादव एवं निशा यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया, वह पूरे आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि 355 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश लेकर पहुंची। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार जताया।
ये प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अहिवारा विधानसभा के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत बघेल, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, चरोदा मंडल प्रभारी बृजेंद्र सिंह, सह प्रभारी मंजूषा साहू, तिरंगा यात्रा जिला संयोजक पूनम शुक्ला, मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर, तिरंगा यात्रा संयोजक एवं आयोजक राजेश यादव, उपनेता प्रतिपक्ष चंद्र प्रकाश पांडे, वरिष्ठ कार्यकर्ता खिलावन साहू, पार्षद निशा यादव, मंडल महामंत्री राजेश मौर्य एवं पूर्णिमा ठाकुर, जिला प्रवक्ता प्रेमलाल साहू, मंडल उपाध्यक्ष परमजीत सिंह, प्रमिला टांडी एवं अरुण, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हेमराज साहू, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पुष्पा गेंदले, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज चक्रधारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा चौहान, मंडल मंत्री वेद प्रकाश पांडे, पार्षद सत्य प्रकाश शर्मा, संजय यादव एवं अर्पण दास गुप्ता, मंडल के पूर्व महामंत्री एवं पूर्व पार्षद राम रेड्डी, होरीलाल वर्मा, आशीष बोरकर, अंकिता बनर्जी, कल्पना बाला, रेखा साहू, नीतीश कुशवाहा, लेखराम यादव, रोहित चौधरी सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
भव्य तिरंगा यात्रा ने चरोदा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित करते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

