महापौर की कार का शीशा तोड़ने का विरोध किया तो चाकू लेकर दौड़ाया, जान से मारने की धमकी

 महापौर की कार का शीशा तोड़ने का विरोध किया तो चाकू लेकर दौड़ाया, जान से मारने की धमकी

गनियारी में सुबह-सुबह वारदात से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज में कार का कांच तोड़ते दिखने का दावा; पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

गनियारी। ग्राम गनियारी के सतनामी पारा में नगर निगम भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे की इनोवा क्रिस्टा का कांच पत्थर मारकर तोड़ने और इसका विरोध करने पर वाहन चालक को कथित तौर पर चाकू लेकर दौड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़ित वाहन चालक कामता साहू ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक घटना 13 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे की है।

CCTV फुटेज खंगालने पर सामने आया मामला

शिकायतकर्ता कामता साहू के अनुसार वह इनोवा क्रिस्टा क्रमांक CG 07 CU 9918 चलाता है। 12 अगस्त की रात वाहन को ग्राम गनियारी के सतनामी पारा में धर्मेंद्र कोसरे के घर के सामने खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह जब वह वाहन लेने पहुंचा तो कार के बाईं ओर पीछे के दरवाजे का कांच टूटा हुआ मिला।

इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कामता साहू के मुताबिक फुटेज में ग्राम गनियारी निवासी निखिल टंडन सुबह करीब 6:30 बजे कार के पास पहुंचकर पत्थर मारते और कांच तोड़ते हुए दिखाई दिया।

पूछताछ करने पर गाली-गलौज का आरोप

कार का कांच तोड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद कामता साहू आरोपी निखिल टंडन के घर पहुंचा और उसके बारे में पूछताछ की। परिजनों से निखिल के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद कामता ने गांव में उसकी तलाश की। शिकायत के अनुसार निखिल शीतला तालाब पार के पास मिला।

कामता साहू का आरोप है कि जब उसने कार का कांच तोड़ने को लेकर निखिल से सवाल किया तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।

“अभी गाड़ी का कांच तोड़ा है, तुझे भी निपटा दूंगा”

शिकायत में कामता साहू ने आरोप लगाया है कि निखिल टंडन ने उसे धमकाते हुए कहा कि “अभी तो गाड़ी का कांच तोड़ा हूं, तुझे भी निपटा दूंगा।” इसके बाद उसने कमर से कथित तौर पर चाकू निकाला और लहराते हुए कामता को मारने के लिए दौड़ाया। जान के डर से कामता साहू मौके से भाग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और CCTV फुटेज अहम

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने विवाद और धमकी की घटना को देखा-सुना है। उसने पुलिस से CCTV फुटेज की जांच करने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि जिस वाहन का कांच तोड़े जाने का आरोप है, वह नगर निगम भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे से जुड़ा वाहन बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस द्वारा CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।