कुम्हारी में प्लॉटिंग साइट से सबमर्सिबल पंप और 400 फीट पाइप चोरी, पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज

कुम्हारी। कुम्हारी थाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना सामने आई है। वृंदावन रेसिडेंसी प्लॉटिंग साइट से अज्ञात चोर रात के अंधेरे में सबमर्सिबल पंप और करीब 400 फीट पाइप चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14 गौरव टिम्बर, कुम्हारी निवासी हिमांशु शुक्ला, जो वृंदावन रेसिडेंसी में मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं, ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वृंदावन रेसिडेंसी चारों ओर फेंसिंग तार एवं बाउंड्रीवाल से घिरा हुआ है, जहां प्लॉटिंग का कार्य चल रहा है। साइट की सुरक्षा के लिए कीर्तन वर्मा नामक गार्ड प्रतिदिन शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी करता है।

शिकायत के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे गार्ड ने फोन कर सूचना दी कि साइट के अंदर लगा सबमर्सिबल पंप और पाइप चोरी हो गया है। सूचना मिलने पर हिमांशु शुक्ला मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। वहां वाटर टैंक के पास स्थापित 2 एचपी क्षमता का एक सबमर्सिबल पंप और लगभग 400 फीट पुराना पाइप, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹8,000 बताई गई है, गायब मिला।प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि अज्ञात चोरों ने 24 जुलाई की रात 11 बजे से 25 जुलाई की सुबह 5 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी गोविंद बांधे एवं यशवंत वर्मा को भी होने की बात शिकायत में उल्लेखित है।कुम्हारी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।