जन्मदिन का जश्न बना दर्दनाक हादसा: शिवनाथ नदी में नहाने उतरे दो किशोर बहे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी


दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, जन्मदिन मनाने पहुंचे आठ दोस्तों में मची अफरा-तफरी, एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी।
दुर्ग। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने गए दोस्तों का उत्साह कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। ग्राम गनियारी और पीपरछेड़ी के समीप नदी में नहाने उतरे दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार को आठ दोस्त अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी के किनारे पहुंचे थे। जन्मदिन मनाने के बाद कुछ युवक नदी में नहाने उतर गए। इस दौरान तेज बहाव और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने से दो किशोर पानी में बह गए। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि दोनों कुछ ही क्षणों में लापता हो गए।
एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर रेस्क्यू दल ने नदी में गहरे पानी तक उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे तक चली खोजबीन के बाद टीम को एक किशोर का शव बरामद हुआ।
रेहान खान की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृत किशोर की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दूसरे किशोर की तलाश जारी
हादसे में लापता दूसरे किशोर की तलाश देर शाम तक जारी रही। एसडीआरएफ की टीम नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक लापता किशोर का पता नहीं चल जाता।
बारिश के मौसम में बढ़ा नदी का खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर और बहाव दोनों बढ़े हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, बांध और जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहाने या पानी में उतरने से बचें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।



