भिलाई को हरित शहर बनाने की तैयारी: आयुक्त सुरूचि सिंह ने बनाई व्यापक कार्ययोजना, वृक्षारोपण से लेकर जल संरक्षण और सौर ऊर्जा पर जोर

भिलाईनगर। पर्यावरण संरक्षण और भिलाई शहर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम भिलाई ने व्यापक पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में निगम आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने बीएसपी प्रबंधन, सामाजिक संगठनों, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जिला उद्योग केंद्र तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक लेकर वृक्षारोपण, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में शहर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के साथ-साथ लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए शासन, प्रशासन, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। इसी उद्देश्य से वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों के चयन, पौधों की प्रजाति और ऊंचाई, सुरक्षा व्यवस्था, सिंचाई एवं रखरखाव की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न संगठनों को इस अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण कराया जाएगा तथा उनकी निगरानी और देखरेख की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाएगी।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर विशेष जोर
बैठक में जल संरक्षण को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि लगातार गिरते जलस्तर को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करना चाहिए या बोरवेल रिचार्ज की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इसके निर्माण में लगभग 10 से 15 हजार रुपए का खर्च आता है, लेकिन इससे भविष्य में जल संकट की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
पीएम सूर्य घर योजना पर भी चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ दिलाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के लक्ष्य को हासिल करने पर जोर दिया गया।
सामूहिक भागीदारी से बनेगा हरित भिलाई
आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि निगम का लक्ष्य भिलाई को केवल स्वच्छ और सुंदर शहर ही नहीं, बल्कि एक आदर्श हरित शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक संस्थानों और प्रशासन के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में मुख्य अभियंता अजीत तिग्गा, वेशराम सिन्हा, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, उप अभियंता श्वेता महेश्वर सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

