ढाई साल की यादों के साथ एएसपी सुखनंदन राठौर ने कहा अलविदा दुर्ग-भिलाई, जगदलपुर में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

 ढाई साल की यादों के साथ एएसपी सुखनंदन राठौर ने कहा अलविदा दुर्ग-भिलाई, जगदलपुर में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

दुर्ग। दुर्ग जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुखनंदन राठौर का स्थानांतरण जगदलपुर हो गया है। नई पदस्थापना के तहत वे अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर के रूप में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। स्थानांतरण के बाद उन्होंने दुर्ग जिले की जनता, जनप्रतिनिधियों, मीडिया, समाजसेवियों तथा विभिन्न संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भावुक संदेश साझा किया।मार्च 2024 में दुर्ग जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के रूप में पदभार ग्रहण करने वाले राठौर ने अपने कार्यकाल को यादगार बताते हुए कहा कि दुर्ग और भिलाई में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनसंपर्क को मजबूत करने में उन्हें सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिला।एएसपी सुखनंदन राठौर ने अपने संदेश में कहा कि लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान जनता, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, समाजसेवियों, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों, मित्रों, शुभचिंतकों और सहयोगियों से उन्हें निरंतर स्नेह और विश्वास प्राप्त हुआ। इसी सहयोग और विश्वास के कारण वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानांतरण के बाद भी दुर्ग-भिलाई की जनता का स्नेह और आत्मीयता उन्हें मिलती रहेगी। उन्होंने दुर्ग की अधिष्ठात्री चंडी माई एवं सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना भी की।राठौर ने कहा कि दुर्ग और भिलाई से जुड़ी मधुर स्मृतियां उनके मन-मस्तिष्क में सदैव जीवंत रहेंगी और उन्हें जीवनभर प्रेरणा देती रहेंगी। उन्होंने जिलेवासियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भावुक शब्दों में कहा—

“अलविदा दुर्ग… अलविदा भिलाई।”

पुलिस प्रशासन में अपनी सादगी, संवेदनशील कार्यशैली और जनसहभागिता के लिए पहचाने जाने वाले एएसपी सुखनंदन राठौर के स्थानांतरण पर जिले के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक वर्गों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की है।