तंबाकू मुक्त समाज के लिए छात्रों ने संभाली जागरूकता की कमान, कुम्हारी में निकली जनजागरण रैली

 तंबाकू मुक्त समाज के लिए छात्रों ने संभाली जागरूकता की कमान, कुम्हारी में निकली जनजागरण रैली

कुम्हारी। तंबाकू एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कुम्हारी द्वारा सोमवार को तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।प्राचार्य डॉ. विजया श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. रेखराम ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नगरवासियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

रैली में शामिल विद्यार्थियों ने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर आम नागरिकों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों की जानकारी दी। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर निकले विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।रैली के दौरान पूरे नगर में

“तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो”,
“नशा छोड़ें, स्वस्थ जीवन अपनाएं” तथा
“तंबाकू मुक्त समाज, स्वस्थ समाज”
जैसे नारों की गूंज सुनाई दी, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने लिया जनजागरण का संकल्प

कार्यक्रम में डॉ. अजय सिंह कोर्राम, श्रीवास्तव सर, एम.एल. साहू सर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर समाज को तंबाकू एवं नशे की लत से मुक्त बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों में तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।विद्यालय द्वारा आयोजित इस जनजागरण रैली को नागरिकों का सकारात्मक समर्थन मिला। जागरूकता अभियान ने तंबाकू मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।