भिलाई में विकास कार्यों पर निगम आयुक्त का सख्त रुख, स्विमिंग पूल से लेकर 77 MLD वाटर प्लांट तक किया औचक निरीक्षण

 भिलाई में विकास कार्यों पर निगम आयुक्त का सख्त रुख, स्विमिंग पूल से लेकर 77 MLD वाटर प्लांट तक किया औचक निरीक्षण

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर, एसटीपी, नालंदा परिसर, गोठान और कचरा प्रबंधन व्यवस्थाओं का लिया जायजा

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने शनिवार को “मॉर्निंग विजिट” के तहत शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय के भीतर उन्हें पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।आयुक्त ने सबसे पहले गोठान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहां मवेशियों के लिए चारा-पानी की उपलब्धता, स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गोठान में नियमित निगरानी और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए विकसित किए जा रहे निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग एरिया, स्केटिंग ट्रैक एवं नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। आयुक्त ने कहा कि ये परियोजनाएं शहर के युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।शहर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने 77 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विभिन्न स्थानों से नियमित जल नमूना परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कचांदुर में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। यह राज्य शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना पूर्ण होने के बाद कोसानाला एवं तेलहा नाला के अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक उपचार किया जाएगा, जिससे उपचारित जल का उपयोग औद्योगिक, कृषि, बागवानी एवं अन्य उपयोगी कार्यों में किया जा सकेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

आयुक्त ने खुर्सीपार स्थित एसएलआरएम सेंटर का भी निरीक्षण किया और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल एवं सुनील जैन, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक अभियंता फत्ते लाल साहू, श्वेता वर्मा, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, अशोक देवांगन, चंदन निर्मल, विनय शर्मा सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।