भिलाई में छात्रों से चाकू की नोक पर लूट: खुद को ‘दादा’ बताकर मोबाइल और नकदी छीनी, एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया

भिलाई। नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में स्कूल से लौट रहे छात्रों को चाकू दिखाकर डराने और उनसे मोबाइल फोन व नगदी लूटने के मामले में सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना सुपेला में दर्ज शिकायत में बताया गया कि एम. लक्ष्मण रेड्डी अपने मित्रों निशांत साहू और दिलेश वारिक के साथ स्कूल से लौटते समय नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में रुका था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और स्वयं को क्षेत्र का दबंग बताते हुए छात्रों को धारदार हथियार दिखाकर धमकाने लगे।आरोपियों ने छात्रों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास मौजूद नगदी और मोबाइल फोन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 997/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी की।

जांच के दौरान पुलिस ने शिवा नाग (18 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, सुपेला तथा एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में दोनों की भूमिका सामने आने पर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अन्य आरोपियों और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • शिवा नाग, उम्र 18 वर्ष 5 माह
    निवासी – रेशने आवास एल/6, अंबेडकर भवन के सामने, नेहरू नगर, सुपेला।

घटना का उद्देश्य

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर यह सामने आया है कि आरोपियों ने राह चलते छात्रों को भयभीत कर धारदार हथियार के बल पर नगदी और मोबाइल लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस ठाकुर, सउनि अजय शंकर अविनासी, प्रधान आरक्षक गंगाराम रावत, प्रकाश चंद्र तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं धर्मेंद्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में न लें और आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।