सांसद विजय बघेल की मौजूदगी में कुम्हारी नगर पालिका के 5 एल्डरमैन ने ली शपथ
जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प, सांसद बोले- जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सबसे बड़ी जिम्मेदारी
कुम्हारी। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पालिका परिषद कुम्हारी में मनोनीत किए गए पांच नए एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। नगर पालिका परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में भिलाई-3 के एसडीएम महेश सिंह राजपूत ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में प्रणव श्रीवास्तव ‘बॉबी’, अवधेश शुक्ला, गोल्डी गोस्वामी, श्रीमती सुनीता कुर्रे तथा मनहरन साहू शामिल हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी एल्डरमैन ने नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और आम नागरिकों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नवमनोनीत एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल पद तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता की उम्मीदों और विश्वास को पूरा करना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है।
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। कुम्हारी नगर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में एल्डरमैन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में स्थानीय निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नए एल्डरमैन अपने अनुभव, सुझाव और सक्रिय सहभागिता से नगर पालिका परिषद को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा विकास कार्यों को नई गति देंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, विभिन्न वार्डों के पार्षद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पालिका कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवमनोनीत एल्डरमैन का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।



