सोलर प्लांट से 1500 मीटर डीसी केबल चोरी, 20 हजार रुपये का नुकसान, सुयश कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में हुई वारदात, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

 सोलर प्लांट से 1500 मीटर डीसी केबल चोरी, 20 हजार रुपये का नुकसान, सुयश कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में हुई वारदात, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सुयश कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कंडरका में लगे सोलर प्लांट से अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 1500 मीटर डीसी केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी गई केबल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी एलआईजी फेस-2 निवासी एवं सुयश कॉलेज ऑफ नर्सिंग में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत प्रवीण प्रधान को 19 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे सोलर इंजीनियर मोहन कुमार ने सूचना दी कि कॉलेज परिसर में स्थापित सोलर प्लांट से बिजली उत्पादन बंद हो गया है। सूचना मिलने पर जब सोलर प्लांट का निरीक्षण किया गया तो वहां से सोलर सिस्टम में उपयोग होने वाली लगभग 1500 मीटर डीसी केबल गायब मिली।

प्राथमिक जांच में पता चला कि अज्ञात चोरों ने 18 जून की रात 8 बजे से 19 जून की सुबह 8 बजे के बीच सोलर प्लांट में घुसकर केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के कारण सोलर प्लांट का संचालन प्रभावित हो गया है, जिससे संस्थान को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ विद्युत उत्पादन में भी बाधा उत्पन्न हुई है।

घटना की जानकारी तत्काल कॉलेज संचालक डॉ. नितिन गोयल एवं एडमिनिस्ट्रेटर हिमांशु मंडल को दी गई। संचालक के निर्देश पर प्रवीण प्रधान एवं हिमांशु मंडल ने थाना डीडीनगर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।