स्वस्थ जीवन का मंत्र बना योग: मंगल भवन में हजारों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 स्वस्थ जीवन का मंत्र बना योग: मंगल भवन में हजारों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

भिलाई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम भिलाई-चरोदा द्वारा शनिवार को मंगल भवन परिसर में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, निगम कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग शिविर में प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और संतुलन भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग स्वस्थ और निरोग रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को रोगों से दूर रखने के साथ-साथ आत्मिक शांति और मानसिक मजबूती भी प्रदान करता है।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, दिलीप पटेल, परिषद में नेता प्रतिपक्ष खिलावन वर्मा, वरिष्ठ पार्षद फिरोज फारुकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं एसडीएम महेश सिंह राजपूत, निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवन जीने के संकल्प के साथ हुआ। योग शिविर के माध्यम से नागरिकों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।