विदेश से लौटे युवा समाजसेवी इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ का सम्मान, उमड़ा जनसैलाब

 विदेश से लौटे युवा समाजसेवी इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ का सम्मान, उमड़ा जनसैलाब

भिलाई। शहर के लोकप्रिय युवा समाजसेवी एवं सर्वसमाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ के चीन दौरे से वापस लौटने पर कोहका स्थित सर्वसमाज कल्याण समिति कार्यालय में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, युवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि कार्यालय पहुंचे और पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सिख समाज सहित विभिन्न समाजों के महिला-पुरुषों एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। स्वागत समारोह के दौरान सामाजिक एकता, क्षेत्रीय विकास, जनकल्याण और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सेवा ही उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य है और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

उन्होंने कहा, “विदेश यात्राएं केवल नए अनुभव प्राप्त करने का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वहां की सकारात्मक व्यवस्थाओं और विकास मॉडल से सीख लेकर अपने समाज और क्षेत्र के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देती हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि समाज के हर वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहूं। जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”

समारोह के दौरान सामाजिक सौहार्द, भाईचारे एवं सर्वसमाज के उत्थान के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान, आत्मीयता एवं जनसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित लोगों ने इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।