क्रेटा कार के गुप्त चेंबर में छिपाकर लाई जा रही 14.5 किलो गांजा की खेप जब्त, पुलिस ने हाईटेक तस्करी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; वाहन, नगदी और मोबाइल समेत 17.77 लाख की संपत्ति जब्त
दुर्ग। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कुम्हारी एवं एसीसीयू/क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक क्रेटा कार के दरवाजों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबरों से 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा, वाहन, नगदी एवं मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा की खेप महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी और एसीसीयू/क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग शुरू की।
जांच के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार क्रमांक CG 04 HX 6908 को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक निरीक्षण में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस टीम ने बारीकी से जांच की। इसी दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के अंदर खाली स्थान को विशेष रूप से गुप्त चेंबर में तब्दील कर रखा था, जिसमें गांजा छिपाया गया था। ऊपर से फाइबर शीट चिपकाने के कारण यह सामान्य निरीक्षण में दिखाई नहीं देता था।
पुलिस ने अपने अनुभव और सूझबूझ का परिचय देते हुए इन गुप्त चेंबरों का पता लगाया और उनमें छिपाकर रखे गए 14.5 किलोग्राम गांजा को बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36 वर्ष), निवासी जिला नुआपाड़ा, उड़ीसा तथा किशन जगत (35 वर्ष), निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अवैध बिक्री के लिए ला रहे थे। उन्होंने पुलिस से बचने के लिए वाहन के दरवाजों में विशेष गुप्त चेंबर तैयार कर गांजा छिपाने की बात भी कबूल की।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इसी तरीके से गांजा परिवहन कर चुके हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
जप्त सामग्री
14.5 किलोग्राम गांजा
क्रेटा कार क्रमांक CG 04 HX 6908
नगद 22,000 रुपये
मोबाइल फोन
कुल जब्ती की अनुमानित कीमत : 17 लाख 77 हजार रुपये
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
पुलिस की सतर्कता से बेनकाब हुआ तस्करों का हाईटेक तरीका
दुर्ग पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में तस्करों द्वारा अपनाए गए अत्याधुनिक और बेहद चालाक तरीके का खुलासा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधी पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। हालांकि पुलिस की सतर्कता और सूक्ष्म जांच के सामने उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई।
— संवाददाता
अलर्ट छत्तीसगढ़ | संजय श्रीवास्तव, प्रमुख संपादक

