कोहका में निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
भिलाई। पतंजलि योग समिति हरिद्वार के प्रशिक्षित शिष्यों द्वारा कान्हा पार्क योग ग्रुप के तत्वावधान में कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के महत्व को समझा।
कार्यक्रम की विशेष गरिमा उस समय और बढ़ गई जब हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर एवं सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह की माताजी कुलवंत कौर जी ने अपनी सम्माननीय उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।
योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही दैनिक जीवन में योग को अपनाने से होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने योग के प्रति विशेष रुचि दिखाई और नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को नशामुक्त तथा रोगमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन आगे भी निरंतर किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।

