करसा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का हुआ निरीक्षण, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया गया जोर

 करसा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का हुआ निरीक्षण, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया गया जोर

भिलाई-चरौदा। वार्ड क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र प्राचीन शिव मंदिर स्थित करसा तालाब में चल रहे गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का सोमवार, 01 जून 2026 को वार्ड पार्षद भारती राम सूर्यवंशी एवं राम सूर्यवंशी (जिला महामंत्री, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस) ने स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने तालाब के गहरीकरण, घाट निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि करसा तालाब क्षेत्र धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके विकास में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने कहा कि करसा तालाब का सौंदर्यीकरण पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। तालाब का संरक्षण एवं विकास न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी और श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वहीं राम सूर्यवंशी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। करसा तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने से जल स्तर संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी तालाब के विकास कार्यों को लेकर संतोष व्यक्त किया तथा जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों की मांग भी रखी। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि वार्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।