नौकरी दिलाने के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 नौकरी दिलाने के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

भिलाई। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रार्थी के पुत्र को नौकरी दिलाने का झांसा देकर वर्ष 2022 से 2024 के बीच कुल 7 लाख 50 हजार रुपये की रकम ऐंठ ली थी। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 420 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालपुरी निवासी राजेन्द्र कुमार बंछोर ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित अमनदीप सोढी ने उसके पुत्र को नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। आरोपी ने छह माह के भीतर नियुक्ति पत्र दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय में कुल 7.50 लाख रुपये नगद प्राप्त किए।

काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। प्रार्थी को संदेह होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए गए, जिसके आधार पर अमनदीप सोढी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में लेनदेन संबंधी दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य भी जप्त किए गए हैं।

आरोपी का विवरण

अमनदीप सोढी (36 वर्ष)
निवासी – बी-1, छ.ग. कॉलेज धनोरा के पास, जिला दुर्ग।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, शासकीय भर्ती या अन्य प्रलोभन देकर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

सराहनीय भूमिका :
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।