भूपेश बघेल का बड़ा संदेश: हैदराबाद पहुंचकर सभापति कृष्णा चंद्राकर का जाना हालचाल, पार्टी में मजबूत पकड़ फिर हुई साबित पूर्व मुख्यमंत्री ने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा – संगठन के मजबूत और सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं कृष्णा चंद्राकर
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हैदराबाद प्रवास के दौरान भिलाई नगर निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। श्री चंद्राकर इन दिनों स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस मुलाकात की जानकारी स्वयं भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस संगठन में कृष्णा चंद्राकर की सक्रिय भूमिका और मजबूत जनसंपर्क को लेकर पहले से ही चर्चा होती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री का विशेष रूप से हैदराबाद पहुंचकर उनका हालचाल लेना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व में आज भी उनकी मजबूत पकड़ और प्रभाव कायम है।
भिलाई नगर निगम की राजनीति में कृष्णा चंद्राकर को एक सक्रिय, और संगठन के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है। सभापति बनने के बाद उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली में जनहित के मुद्दों को लगातार प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी अच्छी स्वीकार्यता बनी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संदेश में कहा कि वे ईश्वर से कृष्णा चंद्राकर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उनके इस भावनात्मक संदेश के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

