आस्था का नया केंद्र बना उरला शीतला मंदिर, भव्य ज्योति कक्ष का हुआ लोकार्पण

 आस्था का नया केंद्र बना उरला शीतला मंदिर, भव्य ज्योति कक्ष का हुआ लोकार्पण

उरला | धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, कुम्हारी के निकटवर्ती ग्राम उरला स्थित आराध्य देवी माँ शीतला मंदिर में नव निर्मित ज्योति कक्ष का निर्माण पूर्ण होने के बाद गुरुवार को भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

जय शीतला सेवा मंडली के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम उरला में शारदीय एवं चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रतिवर्ष आस्था की ज्योति जलाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ज्योति कक्ष की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों के सहयोग और जनभागीदारी से मंदिर के प्रथम तल पर आधुनिक ज्योति कक्ष का निर्माण कराया गया।

लोकार्पण समारोह के अंतर्गत शोभायात्रा, हवन-पूजन, भोग-भंडारा एवं माता सेवा जागराता का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने इसे गांव की धार्मिक एकता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक बताया।