रायपुर में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से सनसनी, महापौर के रिश्तेदार का नाम आया सामने
रायपुर: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
मितानिन के घर रखा गया था संदिग्ध बैग
जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक-13 निवासी मितानिन पुष्पा साहू के घर में एक बैग रखा गया था, जिसे विनय देवांगन नामक व्यक्ति बुधवार रात छोड़कर गया था। महिला को बैग भारी और संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने वार्ड पार्षद को इसकी जानकारी दी। पार्षद की सूचना पर खमतराई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में बैग के भीतर कई इलेक्ट्रॉनिक और रासायनिक सामग्री मिलने की पुष्टि हुई।
बैग से क्या-क्या मिला?
जांच टीम को बैग के भीतर बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, एयरगन, रिमोट जैसी डिवाइस और दो बोतलों में रासायनिक पदार्थ मिले। कुछ सामग्री प्लास्टिक में पैक थी। सूत्रों के अनुसार बरामद वस्तुओं में डेटोनेटरनुमा उपकरण भी शामिल हैं।
प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों को वायरिंग के जरिए जोड़कर किसी प्रकार की विस्फोटक व्यवस्था तैयार की जा सकती थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे पूर्ण रूप से बम करार नहीं दिया है।
डीसीपी ने क्या कहा?
रायपुर पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक बैग से कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री बरामद हुई है, जो पटाखों में इस्तेमाल होने वाले बारूद जैसी बताई जा रही है। सभी सामग्री को जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
16 अप्रैल से लापता बताया जा रहा विनय
पुलिस जांच में सामने आया है कि विनय देवांगन पिछले कई दिनों से लापता है। परिवार के अनुसार वह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के सांकरा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि शुरुआती दिनों तक उसका मोबाइल चालू था, लेकिन पिछले करीब एक सप्ताह से फोन बंद है।
राजनीतिक रिश्तों के कारण मामला चर्चा में
विनय देवांगन का नाम सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि वह बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला है। वहीं भाजपा पार्षद एवज देवांगन से भी उसका पारिवारिक संबंध बताया जा रहा है।
महापौर नंदलाल देवांगन ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पिछले करीब दो दशकों से उनका विनय से कोई संपर्क नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विनय पूर्व में उन्हें धमकी दे चुका है। वहीं भाजपा पार्षद एवज देवांगन ने कहा कि विनय लंबे समय से अस्थिर जीवनशैली में रह रहा था।
महिला ने बताई पूरी घटना
पुष्पा साहू ने पुलिस को बताया कि कई वर्ष पहले विनय ने ही उन्हें यह मकान दिलवाने में मदद की थी। बुधवार रात वह अचानक उनके घर पहुंचा और बैग को एक दिन रखने की बात कही। उसने बैग में कपड़े होने की बात बताई थी। महिला के मना करने के बावजूद उसने आग्रह कर बैग वहीं छोड़ दिया और चला गया।
बाद में बैग को लेकर शक होने पर महिला ने इसकी सूचना पार्षद को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
हर पहलू से जांच जारी
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस फिलहाल विस्फोटक सामग्री के स्रोत, उसके संभावित उपयोग और विनय देवांगन की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विनय के सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।



