छत्तीसगढ़ सिंधी एकेडमी की अध्यक्ष बनने पर सुषमा जेठानी का भव्य सम्मान, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने दी शुभकामनाएं
भिलाई-3 | छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुषमा जेठानी को छत्तीसगढ़ सिंधी एकेडमी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा, जहां उपस्थित लोगों ने सुषमा जेठानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
कार्यक्रम में ग्रामोद्योग विभाग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुषमा जेठानी को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना समाज की सक्रिय भागीदारी और उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सिंधी एकेडमी सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।
अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विभिन्न समाजों की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुषमा जेठानी के अनुभव और समाजसेवा का लाभ पूरे प्रदेश के सिंधी समाज को मिलेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को जिम्मेदारी मिलना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिंधी एकेडमी आने वाले समय में युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, दिलीप पटेल, पार्षद फिरोज फारूखी, नटवर ताम्रकार, मुकेश अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं सिंधी समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सुषमा जेठानी का सम्मान किया।
सम्मान समारोह के दौरान समाजजनों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सुषमा जेठानी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और सिंधी संस्कृति, भाषा तथा परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगी।
“छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुझे छत्तीसगढ़ सिंधी एकेडमी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। मैं मुख्यमंत्री एवं प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। सिंधी समाज की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करूंगी। समाज के प्रतिभाशाली युवाओं, महिलाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देना मेरी प्राथमिकता रहेगी। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे सिंधी समाज का सम्मान है। समाज के सभी वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों द्वारा दिए गए स्नेह और आशीर्वाद से मुझे और अधिक ऊर्जा मिली है।” – सुषमा जेठानी, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सिंधी एकेडमी



