पुरैना में मासूम पर दरिंदगी की कोशिश: आरोपी गिरफ्तार, इलाके में आक्रोश

भिलाई/ थाना पुरानी भिलाई अंतर्गत ग्राम पुरैना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के सामने आते ही इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है और लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस के अनुसार, इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने की कोशिश करने वाला आरोपी किशोर चौहान (23 वर्ष) है, जिसे तत्परता दिखाते हुए हिरासत में ले लिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 65(2), 296, 115(2), 351(3) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 12 के तहत गंभीर अपराध दर्ज किया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और अब उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त निगरानी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।