थाना खुर्सीपार के 9 साल पुराने प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार

भिलाई/ थाना खुर्सीपार पुलिस ने वर्ष 2016 के एक गंभीर आपराधिक प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 09 वर्षों से फरार मुख्य आरोपी पतीता बाघ को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए उड़ीसा में छिपकर जीवन यापन कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

19 टन एल्यूमिनियम वायर गबन का था मामला

यह मामला थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 326/2016 अंतर्गत धारा 407, 511, 120बी एवं 34 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज किया गया था। प्रार्थी अनिल कुमार मिश्रा, पिता विजय शंकर मिश्रा, निवासी झारसुगुड़ा (उड़ीसा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका ड्राइवर ट्रक में 19 टन 319 किलो एल्यूमिनियम वायर लोड कर बैंगलोर ले जाने वाला था।

ट्रक मालिक को धोखा देकर माल बेचने की रची थी साजिश

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक मालिक को धोखा देने की नीयत से एल्यूमिनियम वायर को रास्ते में बेचकर गबन करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक सहित पूरा माल जप्त किया और उस समय 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

मुख्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर हुआ था फरार

घटना के दौरान मुख्य आरोपी पतीता बाघ मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। तभी से उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस को दिनांक 13 दिसंबर 2025 को तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन उड़ीसा में मिली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई को थाना प्रभारी खुर्सीपार आनंद शुक्ला के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 577 रोहित यादव एवं आरक्षक 181 बृजमोहन सिंह की विशेष भूमिका रही।

आरोपी का विवरण

  • नाम: पतीता बाघ
  • पिता: नरूपमणी बाघ
  • उम्र: 45 वर्ष
  • पता: खीरपुर, थाना सुबरनापुर, जिला वीर महाराजपुर, उड़ीसा

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।