राकेश ठाकुर ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संभाला कार्यभार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आशीर्वाद देकर जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया

राजीव भवन दुर्ग में हुआ भव्य पदभार ग्रहण कार्यक्रम, पीसीसी प्रमुख दीपक बैज रहे मौजूद

पाटन/ राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का भव्य पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज विशेष रूप से मौजूद रहे।

पटेल चौक से राजीव भवन तक हुआ जोरदार स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत पटेल चौक से हुई, जहां दुर्ग (ग्रामीण) क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का जोशीला स्वागत किया। जुलूस के रूप में सभी कार्यकर्ता राजीव भवन पहुंचे, जहां औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

भूपेश बघेल ने दिलाया पदभार, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राकेश ठाकुर को जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर विधिवत पदभार ग्रहण करवाया। इस दौरान भूपेश बघेल उनका उत्साहवर्धन करते नजर आए। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं ने “भूपेश बघेल जिंदाबाद” और “कका अभी जिंदा है” जैसे नारों से माहौल को पूरी तरह कांग्रेसमय बना दिया।

भाजपा की नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान

सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अब जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर पर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ और मजबूती से संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी, जमीन की गाइडलाइन दरों में वृद्धि, किसानों और युवाओं की समस्याएं और प्रदेश में बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर कांग्रेस सड़क की लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने राकेश ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी सेवा को पूरी निष्ठा से निभाएं और हर कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करें।

राकेश ठाकुर बोले – जनता के मुद्दों पर कभी पीछे नहीं हटेंगे

पदभार ग्रहण के बाद जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि मई 2025 से नियुक्ति के बाद उन्होंने किसानों, मजदूरों और बिजली बिल के मुद्दे पर चार बार कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया है।
उन्होंने कहा कि पूरे जिले में जनहित के मुद्दों पर लगातार प्रदर्शन किए गए, जिसमें सभी ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने भरपूर सहयोग किया।
उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और जिले के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

राकेश ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से दुर्ग जिले में जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।