लूट की झूठी कहानी का पर्दाफाश, प्रार्थी ही निकला 14.60 लाख की फर्जी लूट का मास्टरमाइंड, बीमा क्लेम के लिए रची गई थी पूरी साजिश, आरोपी गिरफ्तार

कुम्हारी/ एटीएम में कैश लोडिंग के नाम पर 14 लाख 60 हजार रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात अब पूरी तरह से फर्जी साबित हो गई है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस कथित लूट का शिकार बना व्यक्ति ही पूरी साजिश का आरोपी निकला। कुम्हारी पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे दर्ज कराई गई थी झूठी रिपोर्ट

प्रार्थी आशीष राठौर, उम्र 34 वर्ष, निवासी चरोदा (पुरानी भिलाई) ने दिनांक 07.12.2025 को थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हिताची कंपनी का एटीएम कैश लोडिंग फ्रेंचाइजी संचालक है।
उसने बताया कि 06.12.2025 को वह तेन्दुआ से मुरमुंदा दादर एटीएम में 14,60,000 रुपये कैश लेकर बाइक से जा रहा था, तभी कपसदा के पास तीन अज्ञात लोगों ने चाकू दिखाकर कैश से भरा बैग लूट लिया।

इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 239/25, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आई सच्चाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच की, लेकिन लूट की पुष्टि से जुड़ा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला।
शंका गहराने पर पुलिस ने प्रार्थी आशीष राठौर से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी सच्चाई स्वीकार कर ली।

बीमा क्लेम के लिए रची गई थी लूट की साजिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास पहले 4 सेल्फ फंडिंग एटीएम थे, बाद में उसने 8 और एटीएम हिताची कंपनी फंडिंग पर ले लिए।
कुल 12 एटीएम में कैश की मांग बढ़ गई थी, जिससे उसे आर्थिक परेशानी होने लगी। ट्रांजेक्शन कम होने से कमीशन घट गया था, वहीं घर, कार लोन, एटीएम किराया और रखरखाव का खर्च बढ़ने से वह कर्ज में डूब गया।

इसी दबाव में उसने यह योजना बनाई कि अगर कैश लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई जाए तो बीमा क्लेम आसानी से मिल जाता है।

अपने ही सेल्फ एटीएम में डाल दिया पूरा पैसा

दिनांक 06.12.2025 को आरोपी ने पहले विभिन्न बैंकों के एटीएम में कैश डाला, इसके बाद अपने तीन सेल्फ फंडिंग एटीएम में 14,60,000 रुपये अतिरिक्त डाल दिए।
उसी रकम को लूट दिखाने के लिए उसने फर्जी लूट की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।

आरोपी गिरफ्तार, विवेचना जारी

पुलिस ने आरोपी आशीष राठौर (34 वर्ष), निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में आगे की विवेचना जारी है, अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

•पुलिस की सतर्कता से बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
•बीमा क्लेम के लिए रची गई लूट की साजिश नाकाम
•आरोपी सलाखों के पीछे