कलेक्टर ने दुर्गम गांव डांड़जमड़ी में लगाई चौपाल, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी, सड़क–आंगनबाड़ी–राशन गोदाम निर्माण की उठी मांग

बीज, सहायक उपकरण और आयुष्मान कार्ड का वितरण

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, “प्रयास कैवर्त”‘ ग्राम जोहार अभियान’ के तहत मंगलवार को गौरेला विकासखण्ड की ग्राम पंचायत पुटा के दुर्गम आश्रित गांव डांड़जमड़ी में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने जिला प्रशासन की टीम के साथ चौपाल लगाई। किसान संतोष यादव के खलिहान में आयोजित इस जनचौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को बताया प्राथमिक जरूरत

ग्रामीणों ने बताया कि डांड़जमड़ी से पंचायत मुख्यालय पुटा की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है, लेकिन सड़क नहीं होने के कारण आज भी पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। सड़क मार्ग से आने-जाने पर 72 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है।

कलेक्टर ने बताया कि यह क्षेत्र वनभूमि में आता है, इसलिए सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता से जानकारी ली और मौके पर मौजूद भारतीय वन सेवा के अधिकारी (एसडीओ वन) श्री गौतम पड़िभार को शासन स्तर पर पहल कर ग्रामीणों की मांग से अवगत कराने निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र, राशन गोदाम एवं राशन दुकान भवन की मांग पर भी उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विभागों ने दी योजनाओं की विस्तृत जानकारी

चौपाल में उपस्थित कृषि, उद्यानिकी, पशुधन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, आयुष, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

अधिकारियों ने रबी सीजन में धान के स्थान पर गेहूं, मसूर, चना जैसी फसलों की बोवाई करने तथा अधिक मुनाफा देने वाली उद्यानिकी फसलें—मुनगा, पपीता, केला, फूल, सब्जी, प्याज तथा फलदार पौधे लगाने प्रेरित किया।

ग्रामीणों को पशुओं के टीकाकरण, नस्ल सुधार, कुक्कुट–बकरी पालन, राजस्व संबंधी कार्यों जैसे फौती नामांतरण एवं खाता विभाजन, आपदा में मृत्यु होने पर आरबीसी 6-4 के तहत सहायता राशि, स्वास्थ्य परीक्षण, आंगनबाड़ी की सुविधाएं, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा, प्रतिभावान छात्रों के लिए छात्रवृत्ति तथा वन्यजीव हमले पर मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

हितग्राहियों को मिले बीज, सहायक उपकरण और आयुष्मान कार्ड

  • कृषि विभाग ने 7 किसानों को गेहूं, चना और मसूर का उन्नत बीज वितरित किया।
  • समाज कल्याण विभाग ने 10 हितग्राहियों को छड़ी (सहायक उपकरण) प्रदान किए।
  • स्वास्थ्य विभाग ने 6 ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड देकर योजनाओं का लाभ पहुंचाया।

अधिकारीगण रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, सीईओ गौरेला शुभा मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुविभागीय और खंडस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।