7 दिसंबर को होगी राज्यव्यापी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में बनाए गए 386 परीक्षा केंद्र

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/प्रयास कैवर्त।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के संयुक्त तत्वावधान में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत राज्यव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 7 दिसंबर 2025, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा जिले में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। शिक्षार्थी अपने सुविधानुसार इस अवधि में किसी भी समय परीक्षा दे सकेंगे।

जिले में 386 परीक्षा केंद्र स्थापित

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि जिलेभर में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कुल 386 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर उल्लास प्रवेशिका के सातों अध्याय पूर्ण कर चुके शिक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की सुचारू मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर अधिकारियों—कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा एक कंट्रोल रूम भी संचालित होगा।

जोनवार प्राचार्य एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, जीपीएम द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जोनवार प्राचार्य, संकुल शैक्षिक समन्वयक, केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक सह मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। परीक्षा पूर्व जनजागरूकता गतिविधियाँ—नारा लेखन, रैली, शिक्षार्थी पर्ची वितरण, न्यौतापाती और मुनादी—लगातार आयोजित की जा रही हैं।

विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, बैठक व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएँ पूरी तरह सुनिश्चित हों।

15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर शिक्षार्थी होंगे शामिल

जिला नोडल अधिकारी मुकेश कोरी ने बताया कि कार्यक्रम में 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे महिला-पुरुष शिक्षार्थियों को शामिल किया जा रहा है, जो अब तक शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित रहे हैं। स्वयंसेवी शिक्षक इन शिक्षार्थियों को 200 घंटे के पाठ्यक्रम में उल्लास प्रवेशिका के सात अध्याय पढ़ाते हैं।

तीन घंटे की परीक्षा, तीन विषय—50 अंक प्रत्येक

परीक्षा कुल 3 घंटे की होगी, जिसमें तीन भाग शामिल हैं—

  • पढ़ना (रीडिंग) – 50 अंक
  • लिखना (राइटिंग) – 50 अंक
  • गणित – 50 अंक

प्रत्येक भाग में न्यूनतम 20 अंक प्राप्त करने पर परीक्षार्थी उत्तीर्ण माने जाएंगे। सफल अभ्यर्थियों को एनआईओएस द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जो आगे की शैक्षिक प्रगति के लिए उपयोगी रहेगा।