छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने रचा इतिहास, महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 में बनीं ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’

भिलाई/ छत्तीसगढ़ का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में चमका है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की संजू देवी ने महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 में अपने दमदार प्रदर्शन से प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे भारत सहित छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है।

फाइनल में शानदार प्रदर्शन, भारत को दिलाई जीत

फाइनल मुकाबले में भारत का सामना चीनी ताइपेई से था, जहां संजू देवी ने बेहतरीन ऑलराउंड खेल दिखाते हुए 14 प्वाइंट्स हासिल किए। उनकी शानदार रेड और मजबूती से की गई पकड़ ने भारत को 35-28 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 1,500 डॉलर का पुरस्कार मिला है, जिसे उन्होंने भावुक होकर अपने पिता को समर्पित कर दिया।

विधायक डोमनलाल कोरसेवाड़ा ने दी बधाई

जीत के बाद संजू देवी का अभिनंदन करने के लिए अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोरसेवाड़ा ने विधायक कार्यालय, भिलाई-3 मंडल में उन्हें सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि “संजू देवी ने अपने खेल से देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनका संघर्ष और समर्पण हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा है।”

महापौर निर्मल कोसरे ने संजू देवी की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा—

“संजू देवी ने वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर जो प्रदर्शन किया है, वह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने साबित किया है कि हमारे प्रदेश की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। संजू देवी का संघर्ष, अनुशासन और लगन आज पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। हम सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे आने वाले समय में भी भारत का गौरव बढ़ाती रहेंगी।”

इस अवसर पर प्रमुख रूप से—
महापौर निर्मल कोसरे, कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोच अनुज प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर, भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, उप नेता प्रतिपक्ष चंद्र प्रकाश पांडे, तथा राधेश्याम वर्मा, श्याम सुंदर जायसवाल, समीर अग्रवाल, रोहित साहू, संदीप पाली, महेंद्र साहू, दीप पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

संजू देवी जब अपने प्रदेश लौटीं, तो रायपुर एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ के लोगों ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया। जीत के उत्साह से पूरा माहौल गूंज उठा — “छत्तीसगढ़ की शान संजू देवी” के नारों से एयरपोर्ट गूंजता रहा।