कथित काली कमाई की तलाश में 20 हथियारबंद हमलावरों का तांडव, कोरबा में किसान परिवार को बंधक बनाकर घर खोद डाला
कोरबा/ कोरबा जिले के तराईडांड गांव में मंगलवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां करीब 20 हथियारबंद नकाबपोशों ने एक किसान के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने पूरे परिवार को रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया और घर में अवैध धन छिपे होने के शक में सब्बल से फर्श तक खोद डाला। घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
परिवार को बनाया बंधक, हथियारों से दहशत फैलाई
रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच हथियारबंद गिरोह बाउंड्रीवाल फांदकर घर में घुसा। हमलावरों के पास देशी कट्टा, तलवार, चाकू, सब्बल और लाठियाँ थीं। जैसे ही वे घर में दाखिल हुए, उन्होंने 11 सदस्यों को काबू में कर लिया। हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दी गई।
हमलावरों का दावा – “काला धन कहां गाड़ रखा है?”
किसान शत्रुध्न दास महंत के अनुसार, हमलावर बार-बार पूछ रहे थे कि “चौरसिया का दिया हुआ पैसा कहां गाड़ कर रखा है?”
इसी शक में उन्होंने रसोई कक्ष सहित कई कमरों के फर्श को सब्बल से खोद डाला। इसके बाद आलमारी की चाबी लेकर 1.50 लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट कर फरार हो गए। जाते-जाते पांच मोबाइल भी साथ ले गए।
पुलिस को देर से मिली जानकारी
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जैसे-तैसे खुद को मुक्त किया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी वक्त बीत जाने के कारण तत्काल नाकेबंदी नहीं हो सकी। इसका फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले। गांव में लंबे समय से इस परिवार के पास बड़ी रकम होने की अफवाह चल रही थी, जिसका गिरोह ने लाभ उठाया।
पीड़ित परिवार की सौम्या चौरसिया से रही निकटता
किसान शत्रुध्न दास महंत की बेटी बबीता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया के घर रहकर पली-बढ़ी। सौम्या ने उसकी पढ़ाई से लेकर करियर तक की जिम्मेदारी निभाई। लगभग तीन वर्ष पहले बबीता का विवाह हुआ और वर्तमान में वह अपने पति व बच्चे के साथ कुसमुंडा क्षेत्र में रहती है।
कोयला घोटाले में रही हैं आरोपित
सौम्या चौरसिया का नाम छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल के दौरान चर्चित कोयला परिवहन, शराब और डीएमएफ घोटाले में सामने आया था।
वह लगभग 21 महीने जेल में रहीं और फिलहाल अंतरिम जमानत पर हैं। जांच एजेंसियों ने उन पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने की जांच शुरू, हमलावरों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बॉर्डर नाकेबंदी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।



