दुर्ग में देर रात बड़ी वारदात नाकाम — ATM उखाड़ ले जाने की कोशिश, मेटाडोर छोड़कर भागे चोर

नंदिनी/ गुरुवार तड़के नंदिनी थाना क्षेत्र में चोरों ने फिल्मी अंदाज़ में एटीएम चोरी की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से वारदात अधूरी रह गई और आरोपी बिना मशीन व वाहन के ही भाग निकले।

 पहले चोरी किया मेटाडोर, फिर पहुंच गए एटीएम बूथ

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी से टाटा 407 मेटाडोर (CG 07 AV 1310) चोरी किया। इसके बाद वे उसी वाहन से ननकट्ठी में स्थित हिताची बैंक के ATM बूथ पर पहुंचे और पूरी मशीन को उखाड़ लिया।

2:30 बजे घरों में हुई हलचल, मचाया शोर

करीब रात 2:30 बजे ATM को मेटाडोर में लोड करने के दौरान आसपास रहने वाले लोगों की नींद खुल गई।
संदिग्ध गतिविधि देखकर परिवारों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आरोपी घबरा गए और उखाड़ा गया ATM तथा मेटाडोर दोनों वहीं छोड़कर फरार हो गए।

 कैमरों पर स्प्रे कर पहचान छिपाने की कोशिश

चोरों ने वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार वारदात में 6 या उससे अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है।

 पुलिस ने वाहन और ATM जब्त किया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ATM मशीन व मेटाडोर को जब्त कर लिया।
पुलिस का मानना है कि पहले वाहन चोरी कर ATM लूट की योजना बनाई गई थी, ताकि जांच का रुख भटकाया जा सके।

 फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है।
ATM में कितनी नकदी थी, इसका खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है।

स्थानीय लोगों की जागरूकता से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।