दुर्ग–भिलाई में 24 घंटे के भीतर चार चोरी और लूट की घटनाएँ दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग/ भिलाई क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान चोरी और लूट की लगातार घटनाएँ सामने आई हैं। अलग-अलग थानों में चार पीड़ितों ने अपनी रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। वाहनों की चोरी से लेकर एक बुजुर्ग महिला से चैन स्नेचिंग तक की वारदातों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
1. सब्जी विक्रेता का बोलेरो पिकअप और ठेला चोरी
खुर्सीपार:
फिरोज खान, जो सब्जी बेचने का काम करते हैं, ने अपनी बोलेरो पिकअप लोडिंग वाहन (CG07 CA 9082) और सब्जी ठेला चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार 11 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उन्होंने वाहन को घर के सामने केनाल रोड पर खड़ा किया था और ठेले को जंजीर से बांधा था।
12 नवंबर की सुबह तक वाहन व ठेला दोनों गायब मिले। बोलेरो 2014 मॉडल है जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपए बताई गई है।
उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की जानकारी उन्होंने हरिलाल को दी और बाद में खुर्सीपार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
2. सेक्टर–06 स्कूल के बाहर मोटरसाइकिल चोरी
भिलाई नगर:
उपेन्द्र कुमार, जो प्राइवेट नौकरी करते हैं, ने अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा पैशन प्लस (CG07 LC 2592) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।
वाहन उनके पिता के नाम पंजीकृत है।
10 नवंबर को वह सेक्टर–06 स्थित गालिब मेमोरियल स्कूल के स्टैंड पर रात लगभग 8:15 बजे बाइक खड़ी कर बैडमिंटन खेलने गए थे।
लगभग 10:15 बजे स्टैंड लौटने पर बाइक गायब थी।
पुरानी बाइक की अनुमानित कीमत लगभग 10,000 रुपए बताई गई है।
आज 12 नवंबर को उन्होंने भिलाई नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
3. सिविक सेंटर बार के बाहर से बाइक चोरी
भिलाई:
शुभम शुक्ला, जो प्राइवेट जॉब करते हैं, ने हीरो एचएफ डीलक्स (CG04 PX 2868) चोरी होने की शिकायत दर्ज की है।
8 नवंबर को वह सिविक सेंटर स्थित एक बार पहुँचे थे और करीब 3:00 बजे मोटरसाइकिल खड़ी की थी।
शाम 6:00 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली।
बाइक की कीमत करीब 30,000 रुपए बताई गई है।
अपने स्तर पर खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने 12 नवंबर को भिलाई नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
4. बुज़ुर्ग महिला से चैन स्नेचिंग, हाथ और गले में चोट
कुम्हारी:
चेन स्नैचिंग की गंभीर घटना भी कुम्हारी क्षेत्र में सामने आई है।
पीड़ित शांति लाल जैन ने बताया कि उनकी मां श्रीमती धापू देवी सुबह 8:15 बजे घर के सामने हैंडपंप से पानी भर रही थीं।
तभी अज्ञात युवक स्कूटी से गली में आया और पास में गाड़ी खड़ी कर पैदल उनकी मां के पास पहुँचा।
उसने अचानक गले से सोने की चैन खींचने की कोशिश की, जिससे बुज़ुर्ग महिला जमीन पर गिर गईं।
इसके बाद आरोपी चैन छीनकर तेजी से हाईवे की ओर लाल–कत्थई रंग की स्कूटी से फरार हो गया।
हमले में महिला के बाएँ हाथ की कोहनी में चोट और गले में खरोंच आई है।
घटना की प्रत्यक्षदर्शी पड़ोस की घरेलू कामगार ललिता साहू हैं।
घटना के बाद जब परिजनों ने बाहर आकर देखा तो एक जोड़ी जेंट्स चप्पल भी मौके पर पड़ी हुई थी।
शांति लाल जैन ने घटना की रिपोर्ट कुम्हारी थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू की
सभी घटनाओं की रिपोर्ट संबंधित थानों में दर्ज कर ली गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों और लुटेरों की तलाश में जुटी है।
लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।



