अवैध गतिविधियों पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हथियार मंगाने वालों पर लगाम, सटोरियों और शराब सेवन करने वालों पर भी सख्ती
दुर्ग/ जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए दुर्ग पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने बीते दिनों विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने, ऑनलाइन सट्टा खेलने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों पर शिकंजा कसा है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मंगाए जा रहे थे चाकू
दुर्ग पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ युवक अमेजॉन, फ्लिपकार्ट और मीशो जैसी ऑनलाइन कंपनियों से घातक चाकू मंगाकर उनका प्रदर्शन सोशल मीडिया पर कर रहे हैं। ये आरोपी हथियारों के साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर आम जनता को भयभीत कर रहे थे।
इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पुलगांव थाना क्षेत्र से 2 और मोहन नगर क्षेत्र से 1 आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए। तीनों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालने वालों पर कार्रवाई
इसी तरह खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 7 आरोपियों — शेख अलराज, रवि विश्वकर्मा, अरबाज अली, एस. वामसी राव, आसिफ अली, अवनीश और मोहित बंजारे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। ये सभी सोशल मीडिया पर तलवार और चाकू के साथ फोटो व वीडियो पोस्ट कर रहे थे।
सट्टेबाजी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने उतई और भिलाई नगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- उतई में पकड़े गए 3 सटोरियों से 3 मोबाइल और ₹3,300 नगद सहित कुल ₹20,050 बरामद किए गए।
- वहीं भिलाई नगर से पकड़े गए 3 सटोरियों से 2 मोबाइल, कीपैड फोन और ₹15,300 नगद जब्त किए गए।
सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर भी शिकंजा
सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर अड्डेबाजी करने वाले 9 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इनमें उतई से 4, सुपेला से 4 और पदमनाभपुर से 1 आरोपी शामिल हैं।
78 लोगों पर की गई प्रतिबंधक कार्रवाई
इसके अतिरिक्त पुलिस ने जिलेभर में अभियान चलाकर 78 लोगों के खिलाफ 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुरानी भिलाई, खुर्सीपार, छावनी, सुपेला, वैशाली नगर, भिलाई नगर, नेवई, मोहन नगर, दुर्ग और पदमनाभपुर थाना क्षेत्रों में की गई।
सभी आरोपियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
दुर्ग पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार, सट्टेबाजी या सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी है।



