कलेक्टर लीना मंडावी ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, आगामी बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम लाने शिक्षकों को दिए निर्देश — कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की अपील
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ( प्रयास कैवर्त)/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने मरवाही विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं स्वामी आत्मानंद स्कूलों का सघन निरीक्षण कर अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से सीधे संवाद कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकीय गतिविधियाँ, शिक्षकों की पदस्थापना तिथि तथा पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि —
“आगामी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में जिले को शत-प्रतिशत परिणाम के साथ उदाहरण प्रस्तुत करना है। इसके लिए शिक्षक समर्पण भाव से कार्य करें और अपने विद्यार्थियों को मेरिट सूची में स्थान दिलाएं।”
जिन स्कूलों का हुआ निरीक्षण
कलेक्टर ने जिन स्कूलों का निरीक्षण किया, उनमें प्रमुख रूप से —
- शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निमधा
- स्वामी आत्मानंद स्कूल, सिवनी
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परासी
- शासकीय हाई स्कूल, बरौर
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सकोला
- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कोटमी
शामिल रहे।
शिक्षण गुणवत्ता पर जोर
श्रीमती मंडावी ने पिछले वर्ष की बोर्ड परीक्षा में जिले का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न रहने पर नाराज़गी जताई और कहा कि —
“सिर्फ ड्यूटी निभाना पर्याप्त नहीं है। शिक्षण कार्य को सेवा और जिम्मेदारी के भाव से करें। बच्चों के भविष्य को संवारे बिना विकास संभव नहीं।”
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि यदि 45 मिनट का पीरियड पर्याप्त नहीं है तो समय बढ़ाकर बच्चों को बेहतर तरीके से विषय समझाएं।
साथ ही बच्चों की 100% उपस्थिति, नियमित अभ्यास, होमवर्क की निगरानी, तथा अभिभावक बैठकों के माध्यम से शिक्षा के महत्व पर जोर देने के निर्देश दिए।
कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने कहा कि साप्ताहिक यूनिट टेस्ट के माध्यम से बच्चों की प्रगति पर निगरानी रखी जाए और कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की —
“हर शिक्षक कम से कम एक कमजोर बच्चे को उत्कृष्ट बनाने का संकल्प लें। हर प्रयास मायने रखता है।”
समस्याओं और संसाधनों की जानकारी भी ली
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों से शैक्षणिक संसाधनों और विद्यालय संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे और एसडीएम मरवाही श्री देवेन्द्र सिरमौर भी उपस्थित रहे।



