दुर्ग-भिलाई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, संदिग्धों की सघन चेकिंग जारी 

त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ के बीच पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, सीमाओं पर नाकेबंदी—रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में अलर्ट जारी

दुर्ग/ त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ के मद्देनज़र दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। जिले के भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच जारी है।

सुरक्षा को लेकर दुर्ग जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी की गई है, जहां पुलिस जवानों द्वारा वाहनों की सतत चेकिंग की जा रही है। शहर में आने-जाने वाले हर वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

एंटीसेबोटाज़ टीम और डॉग स्क्वायड भी सक्रिय

जिले की सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के लिए एंटीसेबोटाज़ टीम और डॉग स्क्वायड को भी तैनात किया गया है। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जांच अभियान चला रही हैं। किसी भी छोड़े गए बैग, लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति पर तुरंत नजर रखी जा रही है।

थाना-चौकी प्रभारी मैदानी कार्रवाई में जुटे

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी अपनी टीमों के साथ मैदान में उतर चुके हैं। जगह-जगह पुलिस द्वारा चेकिंग प्वाइंट बनाकर आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि —

“जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक टीम को अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।”

नागरिकों से की गई अपील

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपने आसपास सतर्क रहें।