मड़ई मेला में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती — 43 लोहे के कड़े किए गए जप्त
मड़ई मेला में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती — 43 लोहे के कड़े किए गए जप्त
दुर्ग/ थाना रानीतराई पुलिस ने ग्राम कोही में आयोजित मड़ई मेला के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे युवकों से कुल 43 कड़े जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मड़ई मेला को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान असामाजिक प्रवृत्ति के युवकों पर निगरानी रखी गई और संदेहास्पद रूप से घूम रहे युवकों से लोहे के कड़े निकलवाकर उन्हें कड़ी हिदायत दी गई।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही 27 अक्टूबर को रानीतराई क्षेत्र में आयोजित एक अन्य मड़ई मेला में पुलिस ने 70 लोहे के कड़े जप्त किए थे। लगातार दो दिनों की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि पुलिस ऐसे तत्वों पर सख्त रुख अपनाए हुए है जो मेलों के दौरान अनुशासन भंग करने की कोशिश करते हैं।
पुलिस की इस तत्परता और सख्त कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।



