भिलाई-दुर्ग पुलिस थानों में वाहन चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं की बाढ़ — अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल, स्कूटी और बैंक में चोरी का प्रयास दर्ज
भिलाई/दुर्ग/ शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही वाहन चोरी और चोरी के प्रयासों से लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले दो दिनों में भिलाई, रिसाली और दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न थानों में एक के बाद एक छह चोरी और चोरी के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है।
अम्बे हॉस्पिटल के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी
भिलाई के ए मार्केट सेक्टर 01 निवासी वेनू कुमार साहू ने बताया कि उनके पिता राम खिलावन साहू 16 अक्टूबर की रात 8.30 बजे उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG07BJ4687) से अम्बे हॉस्पिटल गए थे। वाहन को हॉस्पिटल के सामने खड़ा कर अंदर गए, लेकिन अगली सुबह 6 बजे जब लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। काले रंग की 2017 मॉडल की यह बाइक करीब 25 हजार रुपए की बताई गई है।
शहीद बैंड पार्टी के सामने से बाइक गायब
नंदनी रोड भिलाई निवासी मोहम्मद नसीम की हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG07BK5687) चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि उनके कर्मचारी मुख्तार अली ने 16 अक्टूबर की रात बाइक को दुकान के सामने खड़ा कर सोया था। सुबह 7 बजे उठने पर बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 25 हजार रुपए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मृति नगर में एक्टिवा चोरी
दुर्ग के सिंधिया नगर निवासी अनीश सोनी अपनी मां के साथ 17 अक्टूबर की दोपहर पावर हाउस भिलाई में दिवाली की खरीदारी करने गए थे। उन्होंने अपनी एक्टीवा स्कूटी (CG07AX2958) को ओवरब्रिज के नीचे पार्क किया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। 2015 मॉडल नीले रंग की यह स्कूटी 20 हजार रुपए की बताई गई है।
रिसाली से पार्सल लाने गए सिक्योरिटी गार्ड की बाइक चोरी
रिसाली सेक्टर निवासी गिरीश कुमार, जो पीसीबी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं, ने रिपोर्ट में बताया कि 16 अक्टूबर को शाम 7 बजे अंगूरी बार रिसाली के पास अपनी हीरो एचएफ डिलक्स (CG24T4164) खड़ी कर पार्सल लेने गए थे। एक घंटे बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। बाइक का रंग ग्रे है और कीमत 20 हजार रुपए आंकी गई है।
बस से जेवरात चोरी — कुनकुरी में वारदात, भिलाई में दर्ज हुई Zero FIR
दिव्यांशु सिंह, निवासी मैत्री कुंज रिसाली, ने नेवई थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 सितंबर को वह अपनी पत्नी के साथ शिवनाथ ट्रैवल्स बस (JH08J5708) से रांची से रायपुर आ रहे थे। कुनकुरी के पास ढाबे पर खाना खाने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सूटकेस से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में एक सोने का सेट, तीन अंगूठियां, तीन पायल और चार बिछिया शामिल हैं। मामला Zero FIR के रूप में दर्ज कर जशपुर स्थानांतरित किया गया है।
ग्रामीण बैंक नगपुरा में चोरी का प्रयास — ताला तोड़ने की कोशिश नाकाम
थाना पुलगांव चौकी नगपुरा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक नगपुरा शाखा में चोरी का प्रयास हुआ। शाखा प्रबंधक अंकिता भदौरिया ने बताया कि 17 अक्टूबर की सुबह पीयन ने फोन कर बैंक का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर चैनल गेट और सेफ का ताला टूटा मिला। चोरों ने वॉल्ट रूम का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। मामले में पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने, रात में वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क करने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



