पुलिस ने किया दोहरे हत्याकांड का खुलासा — दादी-पोती की हत्या के पीछे अवैध संबंध का भय बना वजह

ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट की मदद से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी — आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार और स्कार्पियो बरामद

दुर्ग/ थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम गनियारी में 6 मार्च 2024 को हुई वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की निर्मम हत्या के मामले का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात में पुलिस ने ग्राम के ही दो युवकों — चुमेन्द्र निषाद और पंकज निषाद को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे का कारण अवैध संबंध उजागर होने का डर बताया जा रहा है।

ऐसे हुआ था सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड

6 मार्च 2024 को ग्राम गनियारी में दादी और पोती की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। शव पर कई गहरे घाव पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल, फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वायड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा एक विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसमें राजपत्रित अधिकारी एवं एसीसीयू की टीम शामिल थी। टीम ने गांव में कैंप कर 62 संदिग्धों से पूछताछ की और सभी के आपराधिक रिकार्ड खंगाले गए।

साइंटिफिक जांच से खुली गुत्थी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद संदिग्धों का अहमदाबाद और रायपुर में ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट से मिले संकेतों के आधार पर जब संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद ने जुर्म कबूल कर लिया।

उसने बताया कि उसका मृतिका (बालिका) से अवैध संबंध था और फरवरी में उसकी सगाई हो जाने के बाद यह बात गांव में फैलने लगी थी। बालिका ने अपने सहेलियों से आरोपी की सगाई का खुलासा कर दिया था और इसके चलते चुमेन्द्र को डर था कि उसका रिश्ता और प्रतिष्ठा दोनों उजागर हो जाएंगे।

इसी डर में रची गई हत्या की साजिश

सगाई के खुलासे से नाराज चुमेन्द्र ने अपने साथियों पंकज निषाद और एक अन्य फरार आरोपी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। घटना की रात आरोपी ने अपने दोस्तों को व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया।

रात करीब 1:00 बजे वह मृतिका के घर पहुंचा और उसे शादी के बहाने बाहर बुलाने की कोशिश की, लेकिन बालिका ने इंकार कर दिया। इससे गुस्से में आकर आरोपी ने टंगीया से सिर पर हमला किया, कपड़ा मुंह में ठूंस दिया और दादी के जागने पर उसके गले पर भी चाकू से वार किया।

दादी बचने के लिए बाहर भागी, तो आरोपी ने पकड़कर कई वार कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद चुमेन्द्र ने हथियार तालाब में धोए और साथियों को बताया कि “काम हो गया।”

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद और उसका साथी पंकज निषाद दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके खिलाफ पहले भी आबकारी एक्ट और मारपीट से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं।

  • चुमेन्द्र के खिलाफ अपराध क्रमांक 489/2019, 300/2023, 330/2025 दर्ज हैं।
  • पंकज निषाद के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/2021, 454/2021, 48/2025 पंजीबद्ध हैं।

महत्वपूर्ण बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर

  • धारदार चाकू,
  • दो मोबाइल फोन,
  • स्कार्पियो वाहन (CG 06 E 6666)
    बरामद किया है।

पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में गठित विशेष टीम, थाना पुलगांव एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने किया। वैज्ञानिक जांच, सबूतों के विश्लेषण और लगातार पूछताछ से पुलिस ने यह जघन्य अपराध उजागर किया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. चुमेन्द्र उर्फ लल्ला निषाद, उम्र 23 वर्ष
  2. पंकज उर्फ पवित्र निषाद, उम्र 30 वर्ष

जप्त सामग्री:

  • मोबाइल – 02 नग
  • चाकू – 01 नग
  • स्कार्पियो वाहन – 01 नग

अपराध क्रमांक: 153/2024
धारा: 302, 450, 201, 120(बी) आईपीसी

थाना पुलगांव पुलिस की बड़ी सफलता

इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा पुलगांव पुलिस और दुर्ग एसीसीयू टीम की तेज़, वैज्ञानिक और सटीक जांच का परिणाम है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।