करवा चौथ की रात हुआ खून से सना हादसा: पति लौटा नहीं घर, सुबह सड़क किनारे मिला शव

दुर्ग/ पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखी पत्नी पूरी रात उसकी राह देखती रही, लेकिन सुबह उसे मिला अपने जीवनसाथी का खून से लथपथ शव। यह दर्दनाक घटना छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में करवा चौथ की रात को घटित हुई।

रहस्यमयी हालात में मिली लाश

शनिवार की सुबह दुर्ग के मोहलई बिजली ऑफिस के सामने एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान शिवपारा निवासी 35 वर्षीय अनिल यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

रात 11 बजे घर से निकला था अनिल

परिवार के मुताबिक, अनिल यादव शुक्रवार रात करीब 11 बजे घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा।
उसकी पत्नी करवा चौथ का व्रत रखकर देर रात तक दरवाजे पर बैठी इंतजार करती रही, परंतु सुबह आई खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
अनिल ई-रिक्शा चलाने के साथ पेंटिंग ठेके का काम भी करता था।

घटनास्थल से मिली एक्टिवा स्कूटी

पुलिस को मौके से एक एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई है, जिसे जब्त कर थाने लाया गया है।
थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की गहराई से जांच

अनिल के शरीर पर कई गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। इससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
नेताम ने कहा, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।”
कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में संदिग्ध आवाजें सुनाई दी थीं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मामला फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है और हर कोण से जांच जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अनिल के पीछे उसकी पत्नी और दो नन्ही बेटियां हैं। करवा चौथ के दिन जो त्योहार खुशियों का प्रतीक होता है, उसी दिन उनके घर मातम छा गया।