दुर्ग ज़िले में एक ही दिन में चोरी और लूट की सात बड़ी वारदातें, दुकान, कंपनी, घर और सड़क—हर जगह सक्रिय रहे चोर व लुटेरे

दुर्ग ज़िले और आसपास के इलाकों में चोरी और लूट की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते कुछ दिनों में पुलिस के विभिन्न थानों में चोरी और झपटमारी से जुड़ी कई रिपोर्टें दर्ज कराई गईं। आइए जानते हैं प्रमुख घटनाएँ—

 धमधा में फर्टिलाइज़र दुकान में सेंध, 45 हज़ार का सामान पार

धमधा में मिनेश कुमार ताम्रकार की “ताम्रकार फर्टिलाइजर्स” दुकान में अज्ञात चोरों ने रात में सेंध लगाई।
06 अक्टूबर की रात दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने गल्ले से ₹25,000 नकद, एक मोबाइल स्पीकर, LED टीवी और CCTV DVR बॉक्स चोरी कर लिया।
अगले दिन सुबह जब दुकान खोली गई, तो शटर उठा हुआ मिला। पीड़ित ने थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

तेज़ पावर कंपनी के स्टोर से 39 बोरी नट-बोल्ट चोरी

जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार स्थित तेज़ पावर प्रा.लि. कंपनी के बाउंड्रीवॉल के अंदर से 39 बोरी नट-बोल्ट चोरी हो गए।
कंपनी के स्टोर कीपर दयानिधि शर्मा ने बताया कि 27 से 28 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने लगभग ₹60,000 के नट-बोल्ट चोरी किए।
कुछ बोरी नहर किनारे फेंकी मिलीं। कंपनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

बिजली वायर की बड़ी चोरी: 2 ड्रम काटकर उड़ाया 2,000 किलो से ज्यादा तार

नंदनी थाना क्षेत्र में राजपूताना केबल एंड कंस्ट्रक्शन प्रा.लि., कोरबा के स्टोर से एल्यूमिनियम वायर की बड़ी चोरी हुई है।
कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज बादल सिंह ठाकुर ने बताया कि 06-07 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने 2500 मीटर ACSR Rabbit और 900 मीटर ACSR Zebra कंडक्टर वायर चोरी कर लिया, जिसका वजन लगभग 2 टन और कीमत लाखों में है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 बीएसपी कर्मचारी के घर से सोने का मंगलसूत्र चोरी

नेवई थाना क्षेत्र में हरीश साहू के घर में चोरी की वारदात हुई।
घटना के समय पीड़ित की पत्नी घर पर अकेली थीं। सुबह नहाने के दौरान घर का दरवाज़ा खुला रहने से अज्ञात चोर ने घर में रखे लेडीज़ पर्स से सोने का मंगलसूत्र (कीमत करीब ₹40,000) चोरी कर लिया।
घर के दरवाज़े पर किसी जबरन प्रवेश का निशान नहीं मिला। पुलिस जांच में जुटी है।

रेलवे पायलट की बाइक मरोदा स्टेशन से चोरी

प्रदीप कुमार सिंह, जो रेलवे में लोको पायलट हैं, ने मरोदा रेलवे स्टेशन में ड्यूटी के दौरान अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG 07 AB 5438) खड़ी की थी।
वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। मोटरसाइकिल की कीमत लगभग ₹10,000 बताई गई है।
नेवई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुपेला में महिला से चैन स्नैचिंग, स्कूटी सवार लुटेरा फरार

भिलाई के सुपेला क्षेत्र में सुबह टहलने निकली लता देवांगन के गले से एक अज्ञात युवक ने सोने की चैन (1.5 ग्राम, “ॐ” लाकेट सहित) झपट ली।
लुटेरा काले रंग का था, कान में बाली पहनी हुई थी और स्कूटी से दुर्ग दिशा में भाग गया।
सुपेला थाना पुलिस ने धारा 304 BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

 शराब के नशे में सो गए, मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी

फ़त्ते लाल यादव और उनके चाचा मनीष यादव रात में शराब पीने के बाद पोटिया रोड पर पुलिया के पास नशे में सो गए।
सुबह नींद खुली तो पाया कि उनकी होंडा HF Deluxe बाइक (CG 007 BB 5395) और VIVO मोबाइल गायब हैं।
चोरी गया माल लगभग ₹12,000 का बताया गया है। पद्मनाभपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

 पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी

दुर्ग ज़िले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है, और CCTV फुटेज व संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है।