शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह, मुख्य आरोपी सोमेन्द्र पाटिल गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जब्त

दुर्ग/ शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी सोमेन्द्र पाटिल (28 वर्ष, निवासी सेक्टर-06, भिलाई नगर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा कार (सीजी 07 सीवाई 9080) कीमती 38 लाख रुपये तथा एक गूगल फोन जुमला कीमत लगभग 40 लाख रुपये सहित चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

इस तरह दिया जाता था निवेशकों को लालच

प्रार्थी करण शर्मा की शिकायत पर खुलासा हुआ कि सूर्या माल जुनवानी में निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्राइवेट लिमिटेड एवं यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन नामक कंपनी खोलकर आरोपीगण शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 20 से 40 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देते थे। शिकायतकर्ता एवं उसके साथियों से करीब 66 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की गई थी।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 5 आरोपी

इस मामले में पहले ही पुलिस ने मुख्य अभियुक्त स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डाली नामदेव, निशा मानिकपुरी, धातरी कोसरे और शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे षड्यंत्र का एक और मुख्य चेहरा सोमेन्द्र पाटिल भी था।

करोड़ों रुपये की ठगी का पर्दाफाश

पुलिस जांच में सामने आया कि सोमेन्द्र पाटिल ने स्नेहांशु नामदेव व अन्य आरोपियों के साथ मिलकर निवेशकों को झांसा देकर करीब 7 करोड़ रुपये का निवेश कराया। इसमें से आरोपी पाटिल को निवेशकों से मिली राशि का 30 प्रतिशत कमीशन लगातार मिलता रहा। अब तक की जांच में सामने आया है कि सोमेन्द्र पाटिल ने अकेले ही करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये हड़प लिए।

पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

ठगी से खरीदी गई लग्जरी कार, महंगे मोबाइल और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त कर आरोपी सोमेन्द्र पाटिल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब अन्य निवेशकों और रकम की जांच में जुटी हुई है।