दुर्ग-भिलाई में बढ़ी चोरी की वारदातें, अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

दुर्ग(भिलाई)/ जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते दिनों तीन अलग-अलग स्थानों से अज्ञात चोरों ने मोटरसाइकिलें चोरी कर लीं। पीड़ितों ने थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुनिती उद्यान से स्प्लेंडर प्रो चोरी

भिलाई के मॉडल टाउन नेहरूनगर निवासी राहुल यादव ने बताया कि 06 सितंबर को वे अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-08 स्थित सुनिती उद्यान घूमने गए थे। उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्रो (क्रमांक CG 07 AN 5127, रंग ब्लैक-पर्पल) दोपहर 1.30 बजे पार्किंग में खड़ी की थी। लेकिन जब वे करीब 3 बजे लौटे तो वाहन गायब मिला। यह मोटरसाइकिल उनके पिता कोमल यादव के नाम से पंजीकृत है। जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चला, जिसके बाद राहुल ने 02 अक्टूबर को थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई।

सुपेला से स्प्लेंडर प्लस गायब

इसी तरह दीपेश, जो कोहका हाउसिंग बोर्ड निवासी और कोचिंग शिक्षक हैं, ने सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर की शाम 6.30 बजे वे राधिका नगर, सुपेला में नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक CG 04 PG 3928) खड़ी कर दी थी। गलती से उन्होंने चाबी गाड़ी में ही छोड़ दी। रात 9 बजे लौटे तो गाड़ी गायब थी। वाहन की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। यह मोटरसाइकिल मूल रूप से अर्जुन यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला।

अमलेश्वर से पैशन प्रो चोरी

वहीं तीसरी बटालियन अमलेश्वर निवासी एवं सहायक प्लाटून कमांडर टीकम सिंह मरकाम ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर की शाम करीब 5 बजे अपनी हीरो होंडा पैशन प्रो (क्रमांक CG 04 HN 8106, रंग काला) क्वार्टर के सामने खड़ी की थी। रात में सोने के बाद जब सुबह 5.30 बजे देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी। वाहन की कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में जुटी

तीनों ही घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदातों को लेकर आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।