दुर्गा दर्शन करने आए युवक की बाइक चोरी, पंडाल के बाहर से उड़ा ली स्प्लेंडर
दुर्ग/ शहर में दुर्गा उत्सव पंडालों के बीच भी चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। शनिवार शाम बीएसएनएल चौक, सेक्टर-2 दुर्ग में बने दुर्गा पंडाल के बाहर से एक युवक की बाइक अज्ञात चोर उड़ा ले गया।
जानकारी के अनुसार, आकाश तोमर जो कि प्राइवेट नौकरी करते हैं, दिनांक 27 सितंबर की शाम करीब 7 बजे दुर्गा दर्शन करने सेक्टर-2 के पंडाल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस (ग्रे-काले रंग की) मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BQ 0710 पंडाल के सामने सेंट्रल एवेन्यू रोड किनारे खड़ी की थी।
दर्शन के बाद बाहर लौटने पर देखा तो बाइक वहां से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने पर भी वाहन का कोई पता नहीं चला। मोटरसाइकिल उनके पिता रमेश तोमर के नाम पर रजिस्टर्ड है।
आकाश ने घटना की जानकारी अपने साढ़ू भाई धन्नु राम मैथीलक्षत्रीय और पिता को फोन पर दी। रात अधिक हो जाने के कारण वे घर लौट गए। इसके बाद अगले दिन अपने साढ़ू भाई के साथ भट्टी थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।



